‘हिम फिल्मोत्सव-2024’ का आयोजन धर्मशाला, जिला कांगड़ा में 23 और 24 अक्टूबर 2024 को राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्रेक्षागृह में किया जा रहा है। फिल्मोत्सव में विभिन्न श्रेणियों में नकद राशि और प्रशस्ति पत्र पुरस्कार स्वरूप विजेताओं को प्रदान किए जाएंगे।
प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक श्री सुदीप्तो सेन (द केरला स्टोरी) व अभिनेता श्री मनोज जोशी विशेष रूप से इस फिल्मोत्सव में उपस्थित रहेंगे और नवोदित फिल्मकारों व फिल्म प्रेमियों के साथ संवाद करेंगे। फिल्मोत्सव में शामिल की गई विभिन्न श्रेणियों में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की अवधि 30 से 45 मिनट, लघु फिल्मों की अवधि 18 से 25 मिनट, और कैंपस फिल्मों की अवधि 5 से 20 मिनट रहेगी।
फिल्म निर्माण के लिए शामिल किए गए विषय निम्नलिखित हैं: 1. ऐतिहासिक गौरवशाली हिमाचल 2. हिमाचल की कला संस्कृति और परम्पराएं. 3. हिमाचल के संदर्भ में देश सेवा और बलिदान 4. देवभूमि हिमाचल की देव परम्परा 5. स्वतंत्रता संग्राम में हिमाचल की भूमिका 6. प्रदूषणमुक्त हरित हिमाचल 7. वोकल फॉर लोकल 8. हिमाचल की सशक्त नारी 9. खेलों में हिमाचल 10. संस्कारित हिमाचली रिश्ते 11. हिमाचल के विविध लोकनायक 12. आधुनिक और उन्नत हिमाचल 13. हिमाचल-जल, पल और कल 14. साहसिक पर्यटन और हिमाचल 15. शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल का योगदान, व 16. हिमाचल की प्राचीन विरासत।
इन विषयों का चुनाव हिमाचल प्रदेश में सार्थक और सकारात्मक फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय विधाओं को एक प्रभावी मंच प्रदान करने के लिए किया गया है। इस दृष्टि से यह फ़िल्म महोत्सव अत्यंत महत्वपूर्ण है।