काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश। सामाजिक समरसता मंच कांगड़ा के कार्यकर्त्ताओं द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मंच के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने एकत्रित होकर बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके विचारों को स्मरण किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के जीवन और उनके संघर्षों को याद करते हुए की गई। मंच ने डॉ. अंबेडकर द्वारा सामाजिक असमानता, छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ आजीवन संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें शिक्षा, संगठन और संघर्ष का संदेश देता है। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। मंच के कार्यकर्ताओं ने आह्वान किया कि समाज को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए और समाज में समानता, भाईचारे तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए कार्य करना चाहिए।
कार्यकर्त्ताओं ने कहा कि सामाजिक समरसता मंच का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करना है। बाबा साहेब के विचार इस दिशा में मार्गदर्शक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि हमें जाति, एवं वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए कार्य करना चाहिए।

